Mokama Vidhan Sabha Chunav 2025: मोकामा विधानसभा सीट पटना जिले में आती है और मुंगेर लोकसभा क्षेत्र का हिस्सा है। इस विधानसभा में घोसवरी, मोकामा के अलावा पंडारक प्रखंड के कुछ गांव आते हैं। गंगा नदी के दक्षिण की ओर स्थित यह विधानसभा क्षेत्र बाहुबलियों को लेकर चर्चा में रहता है। पूर्व केंद्रीय मंत्री कृष्णा शाही और बिहार के पूर्व मंत्री श्याम सुंदर सिंह मोकामा से विधायक रह चुके हैं। 1990 के दशक से मोकामा विधानसभा की राजनीति में बाहुबलियों की एंट्री हुई। बाहुबली दिलीप कुमार सिंह 1990 और 1995 में यहां से जनता दल के टिकट पर चुनाव जीते। साल 2000 में बाहुबली सूरजभान सिंह ने निर्दलीय जीत दर्ज की। 2005 में बाहुबली अनंत सिंह पहली बार मोकामा से विधायक चुने गए। इसके बाद उन्होंने लगातार 5 बार चुनाव जीता। अनंत सिंह ने 3 बार जेडीयू, एक बार और एक बार आरजेडी के टिकट पर मोकामा से जीत दर्ज की। एक और बाहुबली, ललन सिंह भी मोकामा से तीन बार चुनाव लड़ चुके हैं, लेकिन उन्हें अनंत सिंह से हार का सामना करना पड़ा। अनंत सिंह के जेल जाने पर विधायकी चली गई, तो मोकामा सीट पर 2022 में उपचुनाव हुए। इसमें अनंत सिंह की पत्नी नीलम देवी ने आरजेडी के टिकट पर चुनाव लड़ा। बीजेपी ने बाहुबली ललन सिंह की पत्नी सोनम देवी को मैदान में उतारा। हालांकि, नीलम देवी जीत गईं और बाद में जेडीयू को अपना समर्थन दे दिया। जातिगत समीकरणों की बात करें तो यहां भूमिहारों की आबादी सबसे ज्यादा है। इसके अलावा, कुर्मी, यादव, पासवान और ब्राह्मण वोटर की संख्या भी अधिक है।